कंगना रनौत बोलीं- बदलते समाज के साथ सिनेमा को भी बदलना होगा

Follow Us

मुंबई। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा है कि तेजी से बदलते समाज और दर्शकों की पसंद के अनुरूप सिनेमा को भी लगातार खुद को बदलते रहना चाहिए। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ती लागत और कलाकारों की फीस को लेकर भी अपनी राय रखी। मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना ने कहा कि जब कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं करती, तो उसके हर खर्च पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने इसकी तुलना एक परिवार के बजट से करते हुए कहा कि आय कम होने पर खर्चों में भी बदलाव करना पड़ता है। उनके मुताबिक, फिल्म उद्योग को मौजूदा बाजार और दर्शकों की अपेक्षाओं के अनुसार खुद को ढालना होगा।

वहीं, फिल्म भारत भाग्य विधाता में उनकी सह-कलाकार समिता ताम्बे ने कहा कि दर्शक उन कहानियों से अधिक जुड़ते हैं, जिनमें उन्हें अपने जीवन की झलक दिखाई देती है। उनका मानना है कि आम लोगों के अनुभवों और सिनेमा के बीच जितना मजबूत संबंध होगा, उतना ही दर्शकों का जुड़ाव बढ़ेगा। स्मिता तांबे ने कहा कि “भारत भाग्य विधाता” जैसी फिल्में आम महिलाओं, नर्सों और कामकाजी वर्ग के लोगों की जिंदगी से जुड़ी कहानियां प्रस्तुत करती हैं, जिससे दर्शक खुद को उनसे जोड़ पाते हैं। गौरतलब है कि भारत भाग्य विधाता 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म उन वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है, जिनमें एक बड़े आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल में कई लोगों की जान बचाने वाले आम नागरिकों की बहादुरी को दर्शाया गया है।