नई दिल्ली। मशहूर ऑनलाइन शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर एक नए कानूनी विवाद में घिर गए हैं। टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप ने उनके खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में रु.2 करोड़ का मानहानि मुकदमा दायर किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि खान सर और कुछ अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर अंजना के खिलाफ बेहद अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। इस मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की बेंच ने फिलहाल कोई अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया है, लेकिन खान सर और अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 17 जून को मुकर्रर की गई है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब अंजना ओम कश्यप ने अपने एक टीवी शो में शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण और ऑनलाइन “स्टार टीचर्स” के प्रभाव पर टिप्पणी की थी। इसके जवाब में खान सर व अन्य शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन पर तीखे हमले किए। याचिका के अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उनके लिए ‘बिकाऊ’, ‘चाटुकार’ और ‘दलाल’ जैसे बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। अंजना कश्यप ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि खान सर ने सार्वजनिक मंच पर उनके बच्चे के स्कूल का नाम उजागर कर दिया, जिससे उनके परिवार की सुरक्षा और मानसिक शांति को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इस मामले में खान सर के अलावा अभिनय शर्मा, बबीता त्यागी, अरविंद भदौरिया समेत कुछ अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स और न्यूज़ नेटवर्क को भी आरोपी बनाया गया है। याचिका में सोशल मीडिया से इस मानहानिकारक सामग्री को तुरंत हटाने की मांग की गई है।
