रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्र-छात्राओं को स्कूली गणवेश नहीं मिलने का ताजा मामला सामने आया है। सरकार के द्वारा आत्मानंद स्कूल का संचालन किया जाता है । जिसमें विशेष तौर पर अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई होती है। इस योजना का उद्देश्य गरीब बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई करवाना है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होती है । वहीं, रायपुर के बीपी पुजारी आत्मानंद स्कूल में सत्र 2025-26 में लगभग 1200 विद्यार्थियों को गणवेश नहीं मिला पाया है। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के उन्नत शिक्षा योजना के तहत इस स्कूल का संचालन किया जा रहा था। 3 साल पूर्व कलेक्टर इस स्कूल के अध्यक्ष हुआ करते थे। लेकिन वर्तमान में समिति के माध्यम से इस स्कूल का संचालन किया जा रहा है। स्कूल के शिक्षकों ने स्वयं जानकारी देते हुए बताया कि विगत एक वर्ष बीत जाने बाद भी बच्चों को ड्रेस नहीं मिल पाई है। उन्होंने ने बताया कि पूरे स्कूल में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। उस के बाद भी शिक्षकों की दूसरे कार्यों में ड्यूटी लगा दी गई है। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि अभी स्कूल में पांच शिक्षकों और दो चपरासी की कमी बनी हुई है। जिस वजह से हम बहुत ही परेशान हैं बच्चों की भी पढ़ाई पूरी नहीं हो पा रही है। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए।
कांग्रेस ने आत्मानंद स्कूलों में पहुंचकर गिनाई खामियां
कांग्रेस ने राज्यभर के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि, सरकार जानबूझकर इस महत्वाकांक्षी योजना को कमजोर कर रही है। पार्टी नेताओं ने स्कूलों का दौरा कर शिक्षकों, छात्रों और पालकों से संवाद किया और जमीनी हकीकत सामने रखी। कांग्रेस के अनुसार, राजधानी रायपुर समेत कई स्कूलों में एक साल से बच्चों को ड्रेस नहीं मिली है। नया सत्र शुरू होने वाला है, लेकिन अब तक न ड्रेस पहुंची है और न ही जरूरी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षकों की भारी कमी के कारण पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद शिक्षकों की अन्य जगहों पर ड्यूटी लगा दी गई है।

आत्मानंद स्कूलों का नाम बदलकर पीएम श्री स्कूल करने के संकेत
छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार द्वारा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का नाम बदलकर ‘पीएम श्री स्कूल’ करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। राज्य के कई जिलों में आत्मानंद स्कूल का बोर्ड हटाकर पीएम श्री का बोर्ड लगाया जा रहा है, और इस योजना में सुधार के साथ इसे नई नीति के तहत संचालित करने के संकेत मिले हैं। अधिकांश स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों को केंद्र सरकार की योजना के तहत ‘पीएम श्री’ स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गणवेश नहीं मिल पाना दुर्भाग्य जनक है
रायपुर नगर पालिका निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि मैं बीपी पुजारी स्कूल में गया हुआ था। वहां जाकर मुझे पता चला कि बच्चों को पिछले 1 साल से गणवेश नहीं मिल पाई है। जो बहुत ही दुखद है। ऐसे स्कूलों में पुस्तक और गणवेश सरकार के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में गणवेश नहीं मिल पाना दुर्भाग्य जनक है।

