मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। डीआरआई की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन विदेशी नागरिकों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध सोना बरामद किया गया है। पकड़े गए विदेशी नागरिकों में बांग्लादेश और श्रीलंका के नागरिक शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस काले कारोबार में एयरपोर्ट के ही तीन स्टाफ कर्मी भी शामिल थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
डीआरआई को खुफिया सूत्रों से इनपुट मिला था कि मुंबई एयरपोर्ट के रास्ते बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी की जा रही है। जांच में सामने आया है कि तस्कर विदेशों से सोना छिपाकर भारत ला रहे थे। एयरपोर्ट पर कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए इन्होंने एयरपोर्ट के ही तीन ग्राउंड स्टाफ कर्मियों को अपने साथ मिला रखा था। ये कर्मचारी मोटी रकम के बदले सोने की खेप को बिना चेकिंग के एयरपोर्ट से बाहर निकालने में तस्करों की मदद कर रहे थे। बरामद सोने को जब्त कर लिया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। डीआरआई के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट स्टाफ की मिलीभगत से चल रहा यह खेल काफी समय से सक्रिय था। पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके।
