नई दिल्ली/कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए साल 2026 लगातार मुश्किलों भरा साबित हो रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार और विधायकों के एक गुट के अलग होने के बाद अब ममता बनर्जी को देश की राजधानी दिल्ली में भी एक बहुत बड़ा झटका लगने की उम्मीद है। खबर है कि टीएमसी के कद्दावर नेता व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय और हाल ही में ग्लैमर वर्ल्ड से राजनीति में आईं सांसद कोयल मल्लिक अपने पदों से इस्तीफा दे सकते हैं। दोनों सांसदों के संभावित इस्तीफे की यह खबर ऐसे समय में आई है जब दिल्ली में ‘इंडिया ब्लॉक’ (विपक्षी गठबंधन) की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है।
अगर ये दोनों सांसद इस्तीफा देते हैं, तो उच्च सदन (राज्यसभा) में टीएमसी के सांसदों की संख्या 13 से घटकर 11 रह जाएगी। गौरतलब है कि अभिनेत्री से नेता बनीं कोयल मल्लिक को टीएमसी ने हाल ही में राज्यसभा भेजा था, जहाँ उन्होंने इसी साल अप्रैल में शपथ ली थी और महज दो महीने के भीतर जून में उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं। उनका कार्यकाल अप्रैल 2032 तक था। सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय लंबे समय से टीएमसी की कार्यशैली से नाराज चल रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन सीटों पर उपचुनाव होने की स्थिति में, भाजपा के मजबूत संख्या बल और टीएमसी में मची इस अंदरूनी टूट का फायदा उठाकर भाजपा इन दोनों सीटों को आसानी से जीत सकती है। इतना ही नहीं, सियासी गलियारों में यह भी दावा किया जा रहा है कि अगले हफ्ते टीएमसी के लोकसभा सांसदों के एक गुट में भी बड़ी टूट देखने को मिल सकती है।
