रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने सभी नगरीय निकायों को परिपत्र जारी कर पात्र सफाई कर्मियों का श्रम विभाग में पंजीयन कराने को कहा है। अब प्रदेशभर के नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मकारों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। आपको बता दें की विभाग ने नगरीय निकायों में काम कर रहे ऐसे सफाई कर्मकार जो ईएसआईसी एवं ईपीएफ की पात्रता नहीं रखते हैं, उनका श्रम विभाग के असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा संचालनालय से सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को जारी परिपत्र में पात्र सफाई कर्मकारों को श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करने पंजीयन के लिए निर्देशित किया गया है। पत्र में बताया गया है कि इसके लिए श्रम विभाग की वेबसाइट http://shramevjayate.cg.gov.in या मोबाइल एप “श्रमेव जयते” पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। विभाग ने सफाई कर्मकारों के बीच असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए हैं। वहीं उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने विभाग की इस पहल पर कहा कि प्रदेश के सफाई कर्मकार हमारे शहरों की स्वच्छता की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण को सम्मान देते हुए राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र सफाई कर्मी श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। नगरीय निकायों के माध्यम से पंजीयन कराकर उन्हें और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवनोपयोगी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सफाई कर्मियों का सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। हम उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई पहल कर रहे हैं।
