देश को मिलेगी दूसरी बुलेट ट्रेन की सौगात: दिल्ली से सिलीगुड़ी का सफर अब सिर्फ 6 घंटे में होगा पूरा

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के अपने दौरे के दौरान एक ऐतिहासिक घोषणा की है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार दिल्ली से सिलीगुड़ी के बीच देश की दूसरी बुलेट ट्रेन चलाने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम कर रही है। यह हाई-स्पीड ट्रेन दिल्ली से रवाना होकर उत्तर प्रदेश के वाराणसी और बिहार के पटना होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंचेगी। इस बुलेट ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली और सिलीगुड़ी के बीच का सफर महज 6 घंटे में समेट जाएगा।

कोलकाता में वरिष्ठ रेल और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद रेल मंत्री ने मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर के बाद यह देश का दूसरा बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट होगा, जिसे दो अलग-अलग हाई-स्पीड कॉरिडोर को जोड़कर तैयार किया जा रहा है।

रेलवे बजट का जिक्र करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल के लिए रेलवे आवंटन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि जहां यूपीए सरकार के समय बंगाल को रेलवे के लिए सालाना लगभग 4,000 करोड़ रुपये मिलते थे, वहीं अब यह बजट बढ़कर 14,205 करोड़ रुपये हो चुका है, जिससे राज्य में रेल नेटवर्क का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है।