चंडीगढ़। दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से एक शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली सहित राष्ट्रहित से जुड़े कई अहम और प्रासंगिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस मुलाकात का मुख्य केंद्र बिंदु देश की युवा शक्ति रहा।
बैठक में विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) कार्यक्रमों से जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों गणमान्य हस्तियों ने इस बात पर जोर दिया कि, युवाओं को अधिक रोजगारोन्मुख और आत्मनिर्भर बनाना बेहद जरूरी है। बातचीत के दौरान उपराज्यपाल संधू और राज्यपाल कटारिया ने साझा राय व्यक्त करते हुए कहा कि युवा सशक्तिकरण और कौशल विकास ही ‘विकसित भारत’ के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। इस दिशा में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर भी सहमति जताई गई।
