रुद्रप्रयाग में नदी किनारे 50 मीटर गहरी खाई में गिरी केदारनाथ जा रही कार, बाल-बाल बचे 5 श्रद्धालु

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार तड़के एक बड़ा और भयानक सड़क हादसा होते-होते टल गया। केदारनाथ धाम की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 कार तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होकर कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे सीधे नदी किनारे पानी में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कार में सवार सभी पांचों यात्रियों की जान बच गई।

सुबह करीब 5 बजे हादसे की खबर मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ की टीमों ने 108 एम्बुलेंस के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। रेस्क्यू टीमों ने नदी किनारे फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए एक साझा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के नंबर वाली यह कार पश्चिम बंगाल के तीर्थयात्रियों को लेकर बाबा केदार के दर्शन के लिए जा रही थी। इस हादसे में प्रिंस सिंह, सभीमा सिंह, सुजोन मुखर्जी, ऋजा मुखर्जी और चालक प्रदीप कुमार घायल हुए हैं। इनमें से दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य तीन को मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आ रहे भक्तों से पहाड़ी रास्तों पर सावधानी से गाड़ी चलाने की अपील की है।