कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विधानसभा चुनाव में झटके और पार्टी के बिखराव के बाद अब टीएमसी नेताओं को लगातार भारी जन-आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में शनिवार रात उत्तर 24 परगना के कमरहटी से टीएमसी विधायक और ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले मदन मित्रा की गाड़ी पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। स्थानीय युवकों के एक गुट ने न सिर्फ उनकी कार पर ताबड़तोड़ अंडे फेंके, बल्कि जमकर ‘चोर-चोर’ के नारे भी लगाए।
विधायक मदन मित्रा ने साफ किया कि हमले के वक्त वे खुद कार के अंदर मौजूद नहीं थे, लेकिन उपद्रवियों ने उनके कार ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना उस समय हुई जब मित्रा वार्ड नंबर 14 में अशांति की खबर सुनकर वहां पहुंचे थे। इस हमले के बाद मदन मित्रा ने सीधे तौर पर भाजपा (BJP) पर आरोप मढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरी साजिश के पीछे अनवर खान नाम के एक बीजेपी कार्यकर्ता का हाथ है, जो पहले टीएमसी में ही था। मित्रा ने उसे इलाके का बड़ा अपराधी बताते हुए इस पूरी घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। बीते दिनों अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी के बाद अब मदन मित्रा पर हुआ यह हमला बंगाल की सुलगती राजनीति को साफ बयां करता है।
