मालवीय नगर अग्निकांड में सनसनीखेज खुलासा: आरोपी शेफ ने बिजली बंद कर लॉक किए थे इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे, 21 लोगों की मौत का बना कारण

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में हुए दर्दनाक अग्निकांड में शनिवार को गिरफ्तार आरोपी शेफ केशव नेगी ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि 3 जून को होटल के बेसमेंट में चल रहे रेस्टोरेंट के इलेक्ट्रिक स्टोव में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। घबराहट और लापरवाही में शेफ केशव नेगी ने होटल की मुख्य बिजली आपूर्ति (Main Power Supply) बंद कर दी और खुद वहां से भाग निकला। बिजली कटने की वजह से होटल का इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉकिंग सिस्टम पूरी तरह जाम हो गया। इसके चलते कमरे में ठहरे मेहमान अंदर ही कैद हो गए और धुएं व आग की चपेट में आने से 21 बेकसूर लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों में 11 विदेशी और 10 भारतीय नागरिक शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में होटल के फायर सेफ्टी इंफ्रास्ट्रक्चर में गंभीर कमियां और सुरक्षा नियमों का सरेआम उल्लंघन पाया गया है। मामले में पुलिस होटल मालिक लवकेश बजाज समेत आरोपी स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को पहले ही दबोच चुकी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) ने एक हाई-लेवल बैठक बुलाई है और संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (DM) के अधीन मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं ताकि लापरवाही के हर पहलू की निष्पक्ष जांच हो सके।