गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब: 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस वर्ष यात्रा के शुरुआती 47 दिनों में ही दोनों पवित्र धामों में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है, जो पिछले साल की तुलना में 7.5 प्रतिशत अधिक है।

आंकड़ों के अनुसार, 19 अप्रैल से शुरू हुई इस यात्रा में 4 जून तक कुल 10,15,852 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि वर्ष 2025 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 9,44,804 था। इस बार अब तक 71,048 अधिक यात्रियों ने हाजिरी लगाई है। इनमें यमुनोत्री धाम में 4,98,367 और गंगोत्री धाम में 5,17,485 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया है।

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए यात्रा मार्गों पर अब तक कुल 99,165 वाहनों का पंजीकरण दर्ज किया गया है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री के सुरक्षित यात्रा और सुगम दर्शन के संकल्प के तहत सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि हर यात्री की यात्रा मंगलमय हो।