सेंट पीटर्सबर्ग। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में पश्चिमी देशों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर प्रतिबंधों या किसी भी तरह के दबाव की नीति तुरंत उलटी पड़ जाएगी। पुतिन ने भारत की संप्रभुता का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि, एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारत को अपने रक्षा और आर्थिक साझेदार चुनने का पूरा अधिकार है और पीएम मोदी हमेशा अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं।
पुतिन ने भारत और रूस के रक्षा संबंधों को बेजोड़ बताया। उन्होंने कहा कि, हमारा रिश्ता महज खरीदार और विक्रेता का नहीं है, बल्कि दोनों देश मिलकर साझा रिसर्च और तकनीक विकसित कर रहे हैं, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण ब्रह्मोस मिसाइल है। पुतिन ने एसयू-57 लड़ाकू विमान को दुनिया का सबसे आधुनिक एयरक्राफ्ट बताते हुए भारत को इसे बेचने की इच्छा भी जताई। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिमी देशों के आर्थिक दबदबे पर तंज कसते हुए कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में अब ब्रिक्स (BRICS) देशों ने जी7 (G7) को पछाड़ दिया है और पिछले 5 सालों में दुनिया की आधी जीडीपी ग्रोथ ब्रिक्स देशों से ही आई है।
