मुंबई। मॉडल और अभिनेत्री जॉर्जिया एंड्रियानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान एक शख्स से बहस करती नजर आ रही हैं, जिसने खुद को रेस्टोरेंट मैनेजर बताया था। जानकारी के अनुसार, जॉर्जिया ने मुंबई के एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में दोस्तों और मीडिया के साथ अपना जन्मदिन मनाया। इसी दौरान कथित तौर पर रेस्टोरेंट बंद होने का हवाला देते हुए एक व्यक्ति ने कार्यक्रम समाप्त करने का अनुरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई। वायरल वीडियो में जॉर्जिया उस व्यक्ति की पहचान पर सवाल उठाते हुए उसे वहां से जाने के लिए कहती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इस घटना को लेकर अब तक न तो जॉर्जिया एंड्रियानी और न ही रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। गौरतलब है कि जॉर्जिया एंड्रियानी का नाम पहले अरबाज़ खान के साथ जुड़ चुका है। दोनों कई वर्षों तक रिश्ते में रहे थे, जिसके बाद उनका ब्रेकअप हो गया था।
