नई दिल्ली। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार (6 जून) से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलने उतरेगी। हालांकि यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का यह बेहतरीन मौका है। साल 2018 में हुए इकलौते ऐतिहासिक टेस्ट में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 262 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
इस मुकाबले में केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत कर सकते हैं, जबकि आईपीएल 2026 में धूम मचाने वाले देवदत्त पडिक्कल को नंबर-3 पर मौका मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर, मेहमान टीम को कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी और रहमानुल्लाह गुरबाज से बड़े धमाके की उम्मीद होगी।
मुल्लांपुर की पिच पारंपरिक काली मिट्टी के बजाय रेत से तैयार की गई है, जो स्पिनरों के मुकाबले तेज गेंदबाजों को अधिक मदद करेगी। बल्लेबाजों को यहां रन बनाने के लिए क्रीज पर वक्त बिताना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, मैच के दौरान बादल छाए रहेंगे और 25% बारिश की आशंका है, जिससे खेल में थोड़ी बाधा आ सकती है। इस रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण सुबह 9:30 बजे से स्पोर्ट्स-18 और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
