अन्नामलाई का बीजेपी से इस्तीफा, नई पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ ने 10 घंटे में जुटाए 10 लाख लोग

Follow Us

चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने भाजपा से औपचारिक रूप से इस्तीफा देकर अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ (यह हमारा आंदोलन है) की घोषणा कर दी है। अन्नामलाई ने 2 जून को ही प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी थी, जिसका इस्तीफा शुक्रवार को सार्वजनिक हुआ। नई पार्टी बनते ही अन्नामलाई को जबरदस्त जनसमर्थन मिला है; उन्होंने दावा किया कि, महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख से अधिक लोग डिजिटल तौर पर इस आंदोलन से जुड़ चुके हैं।

अन्नामलाई के इस कदम से तमिलनाडु भाजपा में बड़ी टूट देखने को मिल रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन ने भी अन्नामलाई के समर्थन में पार्टी से इस्तीफा दे दिया और कहा कि, कई अन्य भाजपा नेता भी इस नए आंदोलन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। कर्नाटक कैडर के पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई, राज्य प्रमुख पद से हटाए जाने और एआईएडीएमके (AIADMK) के साथ भाजपा के गठबंधन से काफी नाराज चल रहे थे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अन्नामलाई ने साफ कर दिया कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह स्वतंत्र है और उनकी नई पार्टी साल 2031 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी।