कोलकाता। दक्षिण 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक तगड़ा झटका लगा है। एनआईए (NIA) ने कैनिंग पूर्व के पूर्व विधायक और कद्दावर नेता शौकत मोल्ला को सोनारपुर के कमलगाछी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। शौकत मोल्ला पर 19 मार्च को दक्षिण बामुनिया गांव में हुए भीषण ‘भांगड़ बम ब्लास्ट’ का मुख्य आरोपी और मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप है। इस धमाके में एक शख्स की जान चली गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे, जहां कथित तौर पर अवैध रूप से बम बनाए जा रहे थे।
गुरुवार को जब एनआईए की टीम ने भांगड़ और कैनिंग सहित आठ ठिकानों पर छापेमारी की, तो शौकत मोल्ला को इसकी भनक लग गई। वे अपने एक सहयोगी शम्सुल सरदार की मदद से मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर से फरार हो गए। एनआईए ने शम्सुल को भी हिरासत में ले लिया है। फरार होने के बाद शौकत मोल्ला सीमा पार कर बांग्लादेश भागने की फिराक में थे, लेकिन जब सुरक्षा चक्र के कारण उन्हें इसमें कामयाबी नहीं मिली, तो उन्होंने कोलकाता आकर कोर्ट में सरेंडर करने का गुप्त प्लान बनाया। हालांकि, एनआईए ने उनके इस मंसूबे को भांप लिया और ‘फरार’ घोषित करने के कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें कोलकाता के पास ही दबोच लिया। दूसरी तरफ, पूर्व विधायक की बेटी ने एनआईए के दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके पिता भागे नहीं थे, बल्कि जरूरी काम से बाहर गए थे और जांच एजेंसी के संपर्क करने पर उन्होंने खुद सरेंडर किया है। फिलहाल शौकत मोल्ला की गिरफ्तारी से इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई है।
