बाबा महाकाल की भक्ति में लीन हुए सिंगर कैलाश खेर: तड़के भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

Follow Us

उज्जैन। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध और लोकप्रिय सूफी गायक कैलाश खेर शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल के दर्शन करने मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन पहुंचे। भगवान शिव के परम भक्त कैलाश खेर तड़के सुबह 3 बजे ही महाकालेश्वर मंदिर पहुंच गए और विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल हुए। मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ आरती के दिव्य दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने नंदी जी का विशेष पूजन कर उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही।

इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से गर्भगृह में विराजमान बाबा महाकाल को पवित्र जल अर्पित किया। दर्शन के बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने शॉल और प्रसाद भेंट कर इस दिग्गज गायक का विशेष सम्मान किया। बाबा के दर्शन से अभिभूत कैलाश खेर ने कहा कि महाकाल के दरबार में आने से कई जन्मों के पाप धुल जाते हैं और भस्म आरती के दर्शन मिलना भगवान की विशेष कृपा है। अगर वर्क फ्रंट की बात करें, तो कैलाश खेर अपनी अनोखी आवाज और ‘कैलासा’ बैंड के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। वे अब तक 18 भाषाओं में 300 से ज्यादा गाने गा चुके हैं। उनके सुपरहिट गाने जैसे ‘तेरी दीवानी’ और ‘अल्लाह के बंदे’ आज भी करोड़ों दिलों पर राज करते हैं।