भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है, जिससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य के आधे से अधिक हिस्से में तेज आंधी और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने आज भी सूबे के 45 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का ‘ऑरेंज व येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले चार दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही सुहाना बना रहेगा और कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इससे पहले, राजधानी भोपाल में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भीषण आंधी चली, जिसके बाद झमाझम बारिश हुई। इस चक्रवाती तूफान के कारण शहर में करीब 80 पेड़ और उनकी विशाल टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कई मुख्य मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। तेज आंधी का सीधा असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा; पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और कई इलाकों में घंटों तक बत्ती गुल रही। भोपाल के अलावा सीहोर के इछावर समेत कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
