इंदौर मेट्रो की बड़ी छलांग: 18 जून से रेडिसन चौराहे तक दौड़ेगी ट्रेन, केंद्रीय मंत्री खट्टर दिखाएंगे हरी झंडी

Follow Us

इंदौर। इंदौरवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मेट्रो ट्रेन का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। करीब एक साल के ट्रायल और तैयारियों के बाद इंदौर मेट्रो अपने मौजूदा रूट से आगे बढ़कर यात्रियों को लेकर रेडिसन चौराहे तक पहुंचेगी। आगामी 18 जून से गांधी नगर स्टेशन से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो का कमर्शियल रन (व्यावसायिक संचालन) शुरू करने की रूपरेखा पूरी तरह तैयार कर ली गई है।

इस महत्वपूर्ण विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में इंदौर और भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें इस नई शुरुआत पर अंतिम सहमति बनी। तय शेड्यूल के मुताबिक, 18 जून से इस नए और विस्तारित कॉरिडोर पर आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा बहाल कर दी जाएगी। इससे सुपर कॉरिडोर क्षेत्र के साथ-साथ शहर के अन्य प्रमुख कमर्शियल हिस्सों तक लोगों की पहुंच बेहद आसान और सुलभ हो जाएगी।

मेट्रो के इस नए चरण का उद्घाटन करने के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर विशेष रूप से इंदौर आ रहे हैं। वे इस भव्य कार्यक्रम में मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर नए रूट पर इसके संचालन की औपचारिक शुरुआत करेंगे। मेट्रो के रेडिसन चौराहे तक पहुंचने से सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में स्थित आईटी कंपनियों, बड़े शैक्षणिक संस्थानों और रोजाना अप-डाउन करने वाले हजारों कामकाजी लोगों और छात्रों को सीधा फायदा मिलेगा। यह विस्तार इंदौर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।