मुंबई। ‘द केरल स्टोरी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद निर्माता विपुल अमृतलाल शाह एक और झकझोर देने वाली कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है। सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म देश के इतिहास के एक ऐसे काले पन्ने को बड़े पर्दे पर दिखाएगी, जिससे आज की पीढ़ी पूरी तरह अनजान है।
फिल्म की कहानी साल 1990 के उस दौर पर आधारित है, जब भारत बेहद गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था और देश कंगाली व दिवालिया होने की कगार पर खड़ा था। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे गिरती अर्थव्यवस्था के कारण देश में हाहाकार मचा था। यह फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है और देश के पूर्व आरबीआई गवर्नर एस. वेंकिटरमणन के जीवन से प्रेरित है। मनोज बाजपेयी ने रिजर्व बैंक के गवर्नर का एक बेहद शांत, समझदार और शक्तिशाली किरदार निभाया है, जो देश को इस संकट से उबारने की कोशिश करता है।
चिन्मय मंडलेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सुवेंदु भट्टाचार्य और विपुल शाह ने लिखा है। फिल्म में जावेद अख्तर के गीत और अमित त्रिवेदी का शानदार संगीत है। यह फिल्म आगामी 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहां बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आऊंगा’ और कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ से होगी।
