मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ जल्द ही दर्शकों को डराने आ रहे हैं। उनकी आने वाली हॉरर-सस्पेंस फिल्म ‘खेती’ का पहला लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। पोस्टर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर बज बन गया है। फिल्म की पहली झलक से साफ है कि यह दर्शकों को डर और रहस्य के एक अनोखे सफर पर ले जाने वाली है। डार्क और डरावनी थीम पर आधारित इस पोस्टर ने फैंस की उत्सुकता को दोगुना कर दिया है।
फिल्म का पोस्टर किसी ग्रामीण परिवेश और वहां छिपे रहस्यों की ओर इशारा करता है। चारों तरफ फैले सुनसान खेत और उनके बीच उभरता एक धुंधला, रहस्यमयी चेहरा पूरे माहौल को डरावना बना रहा है। इस खौफनाक फर्स्ट लुक को देखकर फैंस कहानी का अंदाजा लगाने में जुट गए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि यह फिल्म किसी पुराने श्राप, पारिवारिक रहस्य या गांव के काले इतिहास पर आधारित हो सकती है।
फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ दमदार अभिनेता शरद केलकर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, टीवी की मशहूर एक्ट्रेस नेहा सरगम इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। इनके अलावा वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी अहम किरदारों में दिखेंगे। हालांकि मेकर्स ने अभी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस स्टारकास्ट और इंटेंस पोस्टर ने फिल्म को लेकर माहौल गरमा दिया है।
