‘हॉन्टेड 3डी’ का नया गाना ‘दर्द’ रिलीज: जुबिन नौटियाल की आवाज में डूबे दिखे मिमोह चक्रवर्ती

Follow Us

मुंबई। हॉरर फिल्मों के बेताज बादशाह निर्देशक विक्रम भट्ट एक बार फिर दर्शकों को डराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: घोस्ट ऑफ द पास्ट’ इन दिनों काफी चर्चा में है। यह फिल्म साल 2011 में आई सुपरहिट फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी’ का अगला भाग है, जिसमें मुख्य अभिनेता मिमोह चक्रवर्ती एक बार फिर लीड रोल में नजर आ रहे हैं। फिल्म के टीजर और मोहित चौहान की आवाज में आए पहले गाने ‘जन्मों जनम’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद अब निर्माताओं ने इसका दूसरा गाना ‘दर्द’ भी रिलीज कर दिया है।

सारेगामा के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ यह गाना बेहद भावुक और दर्द से भरा हुआ है। मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल ने अपनी जादुई आवाज से इस गाने को एक अलग ही ऊँचाई पर पहुँचा दिया है। इस दिल छू लेने वाले गीत के बोल शकील आज़मी ने लिखे हैं, जबकि इसका शानदार संगीत नईम-शबीर की जोड़ी ने तैयार किया है। गाने के वीडियो में मिमोह चक्रवर्ती और अभिनेत्री चेतना पांडे एक भूतिया हवेली के साए में फंसे नजर आ रहे हैं, जहां दोनों का दर्द साफ देखा जा सकता है। आनंद पंडित और राकेश जुनेजा द्वारा निर्मित यह हॉरर फिल्म आगामी 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।