तेहरान। अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान द्वारा कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कुवैत के नागरिक उड्डन महानिदेशालय द्वारा जारी चार अलग-अलग एंगल्स के इस वीडियो में एक आत्मघाती ड्रोन तेजी से टर्मिनल-1 की छत पर गिरता और जोरदार धमाके के साथ आग के गोले में बदलता दिख रहा है। महानिदेशालय ने इसे एक क्रूर हमला बताते हुए भारी जान-माल के नुकसान की पुष्टि की है। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, इस वीभत्स हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई है, जबकि हवाई अड्डे के कर्मचारियों और यात्रियों सहित कुल 63 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
इस अचानक हुए हमले के बाद हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और कई उड़ानों को तुरंत रद्द या डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि, कुवैती अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लेने के बाद टर्मिनल-5 से जजीरा एयरवेज की उड़ानों को फिर से बहाल कर दिया है। कुवैत सरकार ने हवाई अड्डे की सुरक्षा को कड़ा करते हुए दावा किया है कि उसने हवा में ही कई अन्य ईरानी ड्रोन और मिसाइलों को सफलतापूर्वक नष्ट कर बड़ी तबाही को टाल दिया।
