अफ्रीका में इबोला का कहर: डब्ल्यूएचओ के साथ मिलकर रोकथाम में सहयोग करेगा ऑस्ट्रेलिया

Follow Us

कैनबरा। मध्य अफ्रीका में पैर पसार रहे इबोला प्रकोप से निपटने और वैश्विक प्रयासों को गति देने के लिए ऑस्ट्रेलिया सरकार ने बड़ी आर्थिक मदद की घोषणा की है। विदेश मंत्री पेनी वोंग और अंतरराष्ट्रीय विकास मंत्री ऐन एली द्वारा जारी संयुक्त बयान के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया इस वैश्विक पहल के लिए 50 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 36 लाख अमेरिकी डॉलर) की सहायता राशि प्रदान करेगा। यह मदद ‘इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस’ और ‘विश्व स्वास्थ्य संगठन’ (डब्ल्यूएचओ) के माध्यम से दी जाएगी, जिससे प्रभावित इलाकों में जरूरी दवाइयां, चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छ पानी और स्थानीय स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा सके।

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में अब तक इबोला के 344 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और 60 लोगों की जान गई है, जबकि युगांडा में भी मामले सामने आए हैं। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बताया कि बेहतर समन्वय के कारण डीआरसी में संदिग्ध मामलों की संख्या में भारी गिरावट आई है और स्थिति सुधर रही है। हालांकि, उन्होंने सचेत किया कि बुंडीबुग्यो इबोलावायरस स्ट्रेन के लिए फिलहाल कोई स्वीकृत वैक्सीन या विशेष इलाज उपलब्ध न होना और जांच में देरी जैसी चुनौतियां अब भी बरकरार हैं।