मुंबई। अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ की रिलीज से पहले तिरुमला मंदिर पहुंचीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह नंगे पैर मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते और भगवान के दर्शन करते नजर आ रही हैं। दर्शन के बाद जाह्नवी ने माथे पर तिलक लगाया और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं व प्रशंसकों से मुलाकात भी की। एक अन्य वीडियो में वह मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में राम चरण की पत्नी उपासना कोनिडेला भी शामिल हुईं। स्क्रीन पर राम चरण की एंट्री होते ही उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए दर्शकों के साथ जश्न मनाया। फिल्म ‘पेद्दी’ में राम चरण मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ जाह्नवी कपूर, बोमन ईरानी, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है।
