मुंबई। वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में आज यानी 4 जून को हल्की बढ़त देखने को मिल रही है। शुरुआती सुस्ती के बाद बाजार में खरीदारों ने वापसी की, जिससे सेंसेक्स करीब 100 अंकों की मजबूती के साथ 74,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी भी 50 अंकों की तेजी के साथ 23,400 के पार बना हुआ है। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी ऑटो, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में देखी जा रही है, जहाँ निवेशक जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
घरेलू बाजार में बढ़त के बावजूद ग्लोबल मार्केट से संकेत अच्छे नहीं हैं। आज एशियाई बाजारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई 1087 अंक (-1.90%) और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 376 अंक (-1.43%) टूटकर बंद हुआ। वहीं, साउथ कोरिया के कोस्पी में भी करीब 1% की गिरावट रही। इससे पहले अमेरिकी बाजारों (डाउ जोन्स और नैस्डैक) में भी कल गिरावट का रुख रहा था।

बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली लगातार जारी है। कल विदेशी निवेशकों ने बाजार से 5,617 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले 30 दिनों में FII की कुल बिकवाली 73,069 करोड़ रुपये तक पहुँच गई है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की ओर से लगातार मिल रहे सपोर्ट के कारण भारतीय बाजार निचले स्तरों से उबरने में कामयाब रहा है। बता दें कि, इससे पिछले कारोबारी सत्र यानी 3 जून को बाजार लाल निशान में बंद हुआ था, जहाँ सेंसेक्स 303 अंक और निफ्टी 77 अंक टूट गया था।
