भारतीय टीम का ऐतिहासिक न्यूजीलैंड दौरा: 40 दिनों में खेले जाएंगे 12 मुकाबले, शेड्यूल जारी

Follow Us

न्यूजीलैंड। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने अपने आगामी घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र 2026/27 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जिसका मुख्य आकर्षण भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का ऐतिहासिक दौरा है। अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक चलने वाला यह दौरा न्यूजीलैंड के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा द्विपक्षीय क्रिकेट दौरा होगा। इस मेगा टूर के दौरान दोनों टीमों के बीच 40 दिनों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल हैं।

यह दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होकर 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। न्यूजीलैंड सरकार ने भारत के साथ अपने 100 साल पुराने खेल संबंधों को मजबूत करने के लिए इस सीरीज को पूरा समर्थन दिया है। बोर्ड के मुख्य कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने इसे ‘पीढ़ी में एक बार मिलने वाला मौका’ बताया है।

दौरे की शुरुआत टी20 सीरीज से होगी। पहला और दूसरा टी20 मैच क्रमशः 22 और 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और 1 नवंबर को हैमिल्टन में बाकी मुकाबले होंगे। इसके तुरंत बाद 4 नवंबर से 15 नवंबर के बीच ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई में पांच मैचों की वनडे सीरीज आयोजित की जाएगी।

दौरे का समापन दो मैचों की टेस्ट सीरीज से होगा। पहला टेस्ट मैच 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में और दूसरा व अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेला जाएगा। मैचों के प्रसारण के लिए स्काई न्यूजीलैंड को आधिकारिक ब्रॉडकास्टर बनाया गया है। हाल के वर्षों में आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच रही कड़ी प्रतिद्वंद्विता को देखते हुए इस सीरीज के रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।