ग्वालियर। ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियोकोच बस में रविवार रात आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पनिहार रेलवे स्टेशन के पास अचानक भीषण आग लग गई। चलती बस में आग लगते ही तेज लपटें और धुआं उठने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस में उस समय करीब 45 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 09 FA-9349 रात करीब 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। करीब एक घंटे बाद, रात लगभग 11 बजे जैसे ही बस पनिहार रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर पहुंची, उसके इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में आग की तेज लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस के भीतर धुआं भरते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर और क्लीनर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। इस दौरान बस के अंदर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगाई\
राहगीरों और बस स्टाफ की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी रोक दिया गया। नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस और फायर अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण की जांच जारी है।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो सबसे बड़ी राहत की बात रही। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर पास के स्थान पर प्राथमिक सहायता दी गई। पुलिस ने यात्रियों के सामान के नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में आग पूरी तरह बुझने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई। प्रशासन ने बस ऑपरेटरों को वाहनों की तकनीकी जांच नियमित रूप से कराने के निर्देश देने की बात भी कही है।
