बच्ची को बचाने तुंगभद्रा नदी में कूदे 5 लोग, बच्ची सुरक्षित लेकिन पांचों जांबाज डूबे

Follow Us

कुरनूल। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले से इंसानियत और बहादुरी की एक ऐसी दर्दनाक कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हैं। यहाँ दूसरों की जान बचाने की दरियादिली पांच लोगों पर भारी पड़ गई। मंत्रालयम क्षेत्र में तुंगभद्रा नदी के किनारे पैर धो रही एक नाबालिग लड़की का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह उफनती नदी के तेज बहाव में बहने लगी। बच्ची को डूबता देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पांच लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। इन जांबाज लोगों ने बेहद सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अफसोस कि पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि वे खुद को नहीं संभाल पाए और देखते ही देखते नदी की मुख्य धारा में बह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचे। डूबे हुए लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लापता लोग आसपास के गांवों के ही निवासी बताए जा रहे हैं, जो वहां घूम रहे थे। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्ची की जान बची है, उसका परिवार भी सदमे में है। पुलिस और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और डूबे हुए हीरोज की तलाश तेजी से की जा रही है।