आधी रात को आग का तांडव: मछली बाजार से बैंक तक सब जलकर राख, 17 व्यापारियों की जिंदगी भर की कमाई खाक

Follow Us

कटक। ओडिशा के कटक स्थित प्रेस छक्का इलाके के लिए रविवार की देर रात किसी भयावह दुःस्वप्न जैसी साबित हुई। रोज की तरह अपनी रोजी-रोटी समेटकर सोए मछली व्यापारियों को अंदाजा भी नहीं था कि सुबह होने से पहले उनकी मेहनत की कमाई राख के ढेर में तब्दील हो जाएगी। रात करीब 2 बजे यहाँ के मछली बाजार में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसने पलक झपकते ही विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी खौफनाक थीं कि उन्होंने निचली मंजिल के बाजार को तबाह करने के बाद ऊपरी मंजिल पर स्थित ‘बैंक ऑफ इंडिया’ (BOI) की पूरी शाखा को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस तीन मंजिला इमारत में मौजूद एक पेंट गोदाम के केमिकल ने आग में घी डालने का काम किया, जिससे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियाँ और दर्जनों कर्मचारी मौके पर पहुँचे और जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की जद्दोजहद में जुट गए।

इस अग्निकांड ने सबसे गहरा जख्म उन 17 छोटे और मध्यमवर्गीय मछली व्यापारियों को दिया है, जिनकी आजीविका एक झटके में खत्म हो गई। रविवार का दिन होने के कारण अगली खेप खरीदने के लिए व्यापारियों के पास भारी मात्रा में कैश मौजूद था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, दुकानों में रखे लगभग 50 से 60 लाख रुपये नकद जलकर कोयला हो चुके हैं। इसके साथ ही उनके महंगे डीप फ्रीजर, तराजू और पूरी दुकानें नष्ट हो गई हैं। वहीं, ऊपर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा भी पूरी तरह जल चुकी है, जिससे ग्राहकों के जरूरी दस्तावेज, कंप्यूटर और कैश चेस्ट को भारी नुकसान की आशंका है। कटक के इस कारोबारी तबके पर टूटे दुखों के पहाड़ के बीच फिलहाल प्रशासन नुकसान का अंतिम आकलन करने में जुटा है।