कर्नाटक में सियासी सस्पेंस खत्म: सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री

Follow Us

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य में जारी लंबे सियासी सस्पेंस का अंत करते हुए डीके शिवकुमार को सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नया नेता चुन लिया गया है। इस बड़े फैसले के बाद अब यह पूरी तरह साफ हो गया है कि डीके शिवकुमार ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले कद्दावर नेता सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद नए नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। डीके शिवकुमार अब तक सरकार में डिप्टी सीएम के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए शनिवार शाम को बेंगलुरु स्थित विधान सौध में कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। दिल्ली से आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर इस बैठक की निगरानी की, जहां सभी विधायकों ने एकमत से शिवकुमार के नाम का समर्थन किया। इससे पहले शुक्रवार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया था। अब डीके शिवकुमार के नाम पर मुहर लगने के बाद जल्द ही उनके शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का ऐलान किया जाएगा।