नई दिल्ली। पाकिस्तान और चीन मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने आज भारत के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया है, जिनका कार्यकाल शनिवार को पूरा हो गया था। देश के सर्वोच्च सैन्य अधिकारी की कमान संभालते ही जनरल सुब्रमणि ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य आधुनिकीकरण को लेकर देश के सामने अपना रोडमैप रख दिया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद जनरल सुब्रमणि ने कहा कि सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण, महत्वाकांक्षी मिलिट्री थिएटराइजेशन योजना को लागू करना और तीनों सेनाओं (थलसेना, नौसेना और वायुसेना) के बीच एकीकरण को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने साफ किया कि भारत की सैन्य ताकत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सेनाओं में स्वदेशी हथियार प्रणालियों के विकास और उन्हें तेजी से शामिल करने पर जोर दिया जाएगा।
चार दशकों से अधिक लंबे शानदार सैन्य करियर वाले जनरल सुब्रमणि इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में सैन्य सलाहकार और जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख (VCOAS) रह चुके हैं। उन्होंने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बल देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
