नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के 19वें सीजन के फाइनल में भले ही राजस्थान रॉयल्स की टीम जगह नहीं बना पाई हो, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक हैरान करने वाली खुशखबरी सामने आ रही है। राजस्थान के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी फाइनल खेले बिना भी एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 5 बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम कर इतिहास रच सकते हैं। इनमें से कई अवॉर्ड्स पर तो उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।
वैभव इस सीजन में 72 छक्के लगाकर ‘सबसे ज्यादा छक्के’ लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद रजत पाटीदार (41 छक्के) के लिए फाइनल में इस रिकॉर्ड को तोड़ना नामुमकिन है। इसके अलावा, अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर वैभव का ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ बनना भी लगभग पक्का है। टूर्नामेंट में 237.30 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से रन बनाने के कारण ‘सुपरस्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ की रेस में भी वे सबसे आगे हैं।
इतना ही नहीं, आईपीएल के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ यानी ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ (MVP) की रेस में भी वैभव 436.5 पॉइंट्स के साथ टॉप पर चल रहे हैं। सबसे दिलचस्प मुकाबला ‘ऑरेंज कैप’ को लेकर है, जहां वैभव 776 रनों के साथ पहले स्थान पर काबिज हैं। फाइनल मैच में यदि गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल (722 रन) 55 रन और साई सुदर्शन (710 रन) 67 रन नहीं बना पाते हैं, तो फाइनल खेले बिना ही चमचमाती ऑरेंज कैप राजस्थान रॉयल्स के इस युवा स्टार के सिर सज जाएगी।
