नई दिल्ली। कई बार लोग बैंक खाते में पैसा जमा करके भूल जाते हैं या पुरानी बीमा पॉलिसी, शेयर और म्यूचुअल फंड का पैसा सालों तक बिना दावे (अनक्लेम्ड) के पड़ा रहता है। आम जनता की इसी बड़ी परेशानी को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले वित्तीय सेवा विभाग (DFS) ने एक विशेष पोर्टल लॉन्च किया है, जिसका नाम ‘कॉमन लैंडिंग पोर्टल फॉर अनक्लेम्ड फाइनेंशियल एसेट्स’ रखा गया है। अब देश का कोई भी नागरिक घर बैठे इस आधिकारिक वेबसाइट के जरिए बड़ी आसानी से अपने या अपने परिवार के उस पैसे का पता लगा सकता है, जो सालों से सिस्टम में लावारिस पड़ा हुआ है।
पहले बंद पड़े बैंक खाते, एफडी (FD) या पुरानी बीमा पॉलिसी के फंसे पैसे का पता लगाने के लिए लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। सरकार के इस एकीकृत (यूनिफाइड) प्लेटफॉर्म ने पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया है। इस पोर्टल को पब्लिक सेक्टर बैंक अलायंस (PSBA) के सहयोग से तैयार किया गया है, जो देश के 12 बड़े सरकारी बैंकों का एक साझा संगठन है। वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने बताया कि इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों का समय और ऊर्जा बचाना है। अब कोई भी व्यक्ति बिना किसी भाग-दौड़ के यह चेक कर सकता है कि सिस्टम में उसका कोई अनक्लेम्ड फंड मौजूद है या नहीं और उसे वापस पाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
