नई दिल्ली। देश की राजधानी का बक्करवाला इलाका शनिवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर हिमांशु भाऊ गैंग के कुख्यात अपराधी आशीष बक्करवाला को एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आशीष, दिल्ली के ही कुख्यात ऑटो लिफ्टर मनोज बक्करवाला का बेटा है। पुलिस के मुताबिक, आशीष के अपने गांव बक्करवाला आने की पुख्ता इनपुट मिलते ही इलाके की घेराबंदी की गई थी। जब पुलिस ने उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आशीष घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से दो-दो राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।
पकड़े गए इस शातिर बदमाश का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। हत्या के एक मामले में जेल की सजा काटकर बाहर आने के बाद वह हिमांशु भाऊ गैंग में शामिल हो गया था। आशीष पर दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या सहित आठ से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह चार मामलों में लंबे समय से वांटेड चल रहा था। हाल ही में 14 मई की रात को दिल्ली के मुंडका, रनहोला और कंझावला इलाकों में हुई ताबड़तोड़ रंगदारी और फायरिंग की वारदातों में भी उसका नाम मुख्य रूप से सामने आया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
