रायपुर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 8 साल की नाबालिग को सिग्नल से किडनैप कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने बच्ची को खाना खिलाने का झांसा देकर कार में बैठाया और वीआईपी रोड ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को बुधवार की रात्रि गिरफ्तार किया गया। इससे पहले भी सिविल लाइन इलाके में 65 साल के बुजुर्ग ने 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था। 12 जनवरी की सुबह बच्ची दर्द के कारण रोती हुई जमीन पर लेटी थी। चाची जब उसे नहलाने ले गई और दर्द की वजह पूछी, तब बच्ची ने पूरी घटना बता दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई थी। उसके बाद कार्रवाई हुई।

पूरा मामला क्या है ?

दरअसल, तेलीबांधा स्थित सिग्नल पर नाबालिग लड़की वाहन चालकों से पैसे मांगकर गुजर बसर करती है। बुधवार की रात 9.30 बजे 2 नाबालिग अपने साथियों के साथ सिग्नल पर लोगों से पैसे मांग रही थी। इस दौरान स्विफ्ट कार में सवार आरोपी नवीन (21) ने खाना खिलाने का झांसा देकर पीड़िता और उसकी सहेली को गाड़ी में बिठाया, फिर ललित महल की ओर ले गया। सहेली को कुछ खाने का सामान लाने के लिए ललित महल के पास भेज दिया और कार को आगे ले जाकर लड़की से दुष्कर्म किया। बहुत देर तक नाबालिग अपने परिजनों के पास नहीं पहुंची तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। नाबालिग के परिजनों की सूचना पर एसीसीयू, तेलीबांधा थाने की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश में पुलिस रात भर घूमती रही। आरोपी को सुबह पुलिसकर्मियों ने पकड़ा। नाबालिग ने अपने साथ हुई आपबीती की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने दुष्कर्म की बात स्वीकार की है।

पास्को एक्ट के तहत कार्रवाई

एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि पुलिस ने सिलतरा निवासी आरोपी नवीन सोनी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पास्को एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर के तौर पर काम करता है। उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि दो हफ्ते पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9 साल की बच्ची के साथ भी दुष्कर्म का मामला सामने आया था। जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में रायपुर मध्य के एडीसीपी तारकेश्वर पटेल ने कहा कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है ।