बंगाल सरकार का बड़ा तोफा : महिलाओं को हर महीने रु.3000 और सिर्फ रु.5 में मिलेगा मछली-चावल, सीएम शुभेंदु अधिकारी का ऐलान

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की महिलाओं, युवाओं और आम जनता के लिए जनकल्याणकारी घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। नदिया जिले के कल्याणी में आयोजित एक प्रशासनिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा योजना’ के फॉर्म जारी करने का एलान किया। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने ₹3,000 की आर्थिक सहायता सीधे ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो रही है और इसके फौरन बाद लाभार्थियों को राशि मिलनी शुरू हो जाएगी, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

गरीबों को राहत देने के लिए सरकार ने घोषणा की है कि राज्य की करीब 400 विशेष कैंटीनों में सप्ताह में दो दिन महज ₹5 में मछली-चावल का छककर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, सामाजिक और धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए अब स्कूलों, कॉलेजों और पूजा स्थलों के एक किलोमीटर के दायरे में नई शराब की दुकानों को अनुमति नहीं दी जाएगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए एक स्वतंत्र ‘आयुष विभाग’ के गठन को भी मंजूरी दी गई है।

दूसरी ओर, सॉल्ट लेक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित दूसरा ‘जनता दरबार’ भारी भीड़ का केंद्र बना रहा। दूर-दराज के जिलों से आए नौकरी के इच्छुक युवाओं, शिक्षकों, नर्सों और बुजुर्गों की लंबी कतारें लगी रहीं। युवाओं ने रोजगार और पुलिस भर्ती से जुड़ी मांगें सीधे सीएम के सामने रखीं। जैसे ही मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे, पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। इस भव्य जनसुनवाई से लोगों में अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जागी है।