रायपुर। केंद्रीय बजट 2026-27 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट से छत्तीसगढ़ के लिए कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों और विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बजट खासतौर पर छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति, कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य पर फोकस है। देश के नक्शे पर बस्तर और सरगुजा के पर्यटन स्थल में विकास की उम्मीद जगी है। केंद्रीय बजट में पर्यटन स्थलों के लिए 10 गाइड को प्रशिक्षित करने की घोषणा की है। जिसमें छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल भी शामिल होंगे। पर्यटन के जरिए कौशल विकास से लेकर पर्यटन स्थल से जुड़े ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। बजट में छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल के लिए माइनिंग कॉरिडोर विकसित करने का ऐलान किया गया है। सरकार का दावा है कि इससे खनिज आधारित उद्योगों को मजबूती मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। छत्तीसगढ़ में पहले से ही तीन रेल कॉरिडोर पर काम चल रहा है, जो खनिज परिवहन को ध्यान में रखकर बनाए जा रहे हैं। नया माइनिंग कॉरिडोर इन परियोजनाओं को और सपोर्ट करेगा। इस 458 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को रायपुर–विशाखापट्टनम 6 लेन इकॉनमिक कॉरिडोर से इसे जोड़ा जाएगा। इससे दंतेवाड़ा, कांकेर और राजनांदगांव जिलों की खदानों से आयरन ओर सीधे विशाखापट्टनम बंदरगाह तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। किन जिलों को होगा सीधा फायदा
प्रारंभिक तौर पर इस माइनिंग कॉरिडोर से कोरबा, रायगढ़, सरगुजा, कोरिया जैसे कोयला समृद्ध जिलों को लाभ मिलेगा। कोरिया में गेवरा और कुसमुंडा जैसी दुनिया की बड़ी कोयला खदानें स्थित हैं। वहीं कांकेर, दंतेवाड़ा और राजनांदगांव आयरन ओर के बड़े भंडार वाले जिले हैं। दंतेवाड़ा में स्थित बैलाडीला की खदान पहले से ही देश की प्रमुख खदानों में गिनी जाती है।
बजट से छत्तीसगढ़ की बढ़ी उम्मीद
शिक्षा और कौशल विकास गर्ल्स हॉस्टल की स्थापनाः केंद्र सरकार ने देश के हर जिले में महिला छात्रावास खोलने की घोषणा की है, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिले की छात्राओं को मिलेगा।
कौशल विकासः 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों में 10 हजार गाइड्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा जैसे पर्यटन क्षेत्रों को इस योजना के तहत लाभमिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सेवाएं
सस्ती दवाइयां: कैंसर के इलाज के लिए 17 नई दवाओं पर कस्टम ड्यूटी घटाई गई है, जिससे राज्य के मरीजों के लिए इलाज सस्ता होगा।
आयुर्वेद कॉलेज: देश में 3 नए आयुर्वेद कॉलेज खोले जाएंगे, जिसमें छत्तीसगढ़ की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
फार्मास्युटिकल संस्थानः 3 नए फार्मास्युटिकल शिक्षा संस्थान स्थापित करने की घोषणा की गई है।
रेल बजटः छत्तीसगढ़ के लिए रेलवे बजट में भारी बढ़ोतरी जारी रखी गई है। राज्य में खरसिया-नया रायपुर- परमलकसा (278 किमी) और रावघाट-जगदलपुर (140 किमी) जैसी महत्वपूर्ण रेल लाइनों के काम में तेजी लाने के लिए पर्याप्त फंड दिया गया है।
अमृत स्टेशन योजनाः रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित राज्य के 32 स्टेशनों के कायाकल्प का कार्य अगले वित्तीय वर्ष में और गति पकड़ेगा।
कृषि और ग्रामीण विकास
बहुभाषी एआई टूलः किसानों के लिए ‘भारत-विस्तार’ नामक एआई टूल लॉन्च किया गया है, जो छत्तीसगढ़ी और अन्य स्थानीय भाषाओं में कृषि संबंधी सलाह देगा।
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चरः राज्य की ग्राम पंचायतों में यूपीआई और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
