नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल में गुरूवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। इस चरण में 1478 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। उधर, तमिलनाडु में भी गुरूवार को राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने कहा है कि राज्य में कल होने वाले चुनाव की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों की समीक्षा के बाद आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदान को यादगार बनाने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि लगभग 1262 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं, जिनमें से कुल 543 करोड़ रुपये की वास्तविक जब्ती हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि जिन मामलों में जब्ती हुई है, उन सभी में एफआईआर दर्ज की गई है और उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। डिजिटल क्षेत्र में, उन्होंने कहा कि निगरानी प्रकोष्ठ सक्रिय रहा है। जिसके परिणामस्वरूप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उल्लंघन के लिए 2180 यूआरएल ब्लॉक किए हैं।
प. बंगाल में पहले चरण, तमिलनाडु में एक ही चरण में होगा मतदान
