अटल पेंशन योजना ने रचा नया कीर्तिमान, 9 करोड़ से अधिक लोगों ने कराया नामांकन

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को जानकारी दी कि अटल पेंशन योजना (एपीवाई) में नामांकन की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचते हुए 9 करोड़ के पार हो गई है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में ही 1.35 करोड़ से अधिक नए खाताधारक जुड़े हैं, जो योजना की शुरुआत के बाद किसी एक वित्तीय वर्ष में अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। अटल पेंशन योजना की शुरुआत 9 मई 2015 को देश के सभी नागरिकों को एक सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा प्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। यह केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है, जिसका संचालन पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा किया जाता है। इस योजना को आम नागरिकों को ‘संपूर्ण सुरक्षा कवच’ देने के लिए तैयार किया गया है। इसके तहत 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद 1,000 से 5,000 रुपये तक की गारंटीकृत मासिक पेंशन दी जाती है। साथ ही, लाभार्थी की मृत्यु के बाद यह पेंशन उसके जीवनसाथी को मिलती रहती है और दोनों के निधन के बाद संचित राशि नामित व्यक्ति को वापस कर दी जाती है।एपीवाई 18 से 40 वर्ष तक के सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली है, हालांकि आयकरदाता इसमें शामिल नहीं हो सकते। यह एक स्वैच्छिक और अंशदायी पेंशन योजना है, जो खास तौर पर गरीबों, वंचितों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।मंत्रालय के मुताबिक, पिछले दशक में बैंकों, डाक विभाग, राज्य स्तरीय बैंकर्स समितियों और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से योजना का तेजी से विस्तार हुआ है। साथ ही, पीएफआरडीए ने जागरूकता अभियानों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और नियमित समीक्षा के जरिए देशभर में इस योजना को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है।