नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी को 2 लाख रुपए लेते समय रंगे हाथ पकड़ा गया। यह मामला द्वारका स्थित एंटी नारकोटिक्स सेल से जुड़ा हुआ है। सीबीआई को 21 अप्रैल को एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि हेड कांस्टेबल और उसके कुछ सहयोगियों ने एक व्यक्ति को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता पर दबाव बनाते हुए पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपए देने को कहा गया था। जांच के दौरान सीबीआई ने जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार 2 लाख रुपए की पहली किस्त लेते ही आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद संबंधित कार्यालय की तलाशी ली गई, जिसमें लगभग 48.87 लाख रुपए नकद भी बरामद हुए, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।सीबीआई ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है। एजेंसी अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। सीबीआई ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार की जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल को 2 लाख की रिश्वत लेते हुए किया गिरफ्तार
