भोपाल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देशभर में चल रही सियासी बहस के बीच अब एक कथित पत्र को लेकर विवाद और गहरा गया है। बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि, उसने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया है। बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अब “फेक न्यूज का अड्डा” बनते जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि, एक पूरी तरह भ्रामक और कूट-रचित पत्र को आधिकारिक रूप से साझा करना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच को दर्शाता है। अग्रवाल ने कहा कि, नारी शक्ति वंदन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भ्रम फैलाने के लिए कांग्रेस इस तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ साजिश बताते हुए कहा कि ,यह सिर्फ राजनीतिक हमला नहीं, बल्कि जनता को गुमराह करने की कोशिश है। बीजेपी ने कांग्रेस से मांग की है कि, वह तत्काल इस कथित फर्जी पोस्ट को हटाए, बिना शर्त माफी मांगे और पूरे मामले पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण दे। इस विवाद ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है, जहां दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
