CBI की बड़ी कार्रवाई: अवैध सिम कार्ड नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Follow Us

गुवाहाटी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने देशभर में चल रहे साइबर अपराधों के खिलाफ ऑपरेशन चक्र-वी के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एजेंसी ने अवैध सिम कार्ड नेटवर्क के मुख्य साजिशकर्ता उबैद उल्लाह को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से फरार था। उसे 19 अप्रैल 2026 को गुवाहाटी से पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि, आरोपी एक संगठित नेटवर्क चला रहा था, जिसके जरिए फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जा रहे थे। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, लोन फ्रॉड और ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में किया जा रहा था।
सीबीआई के अनुसार, इस नेटवर्क में पॉइंट ऑफ सेल (POS) एजेंटों की अहम भूमिका थी, जो अवैध रूप से सिम जारी करते थे।

अब तक जांच में करीब 10,000 से अधिक अवैध सिम कार्डों की सप्लाई का खुलासा हुआ है। आरोपी ने इस पूरे नेटवर्क के संचालन के लिए लगभग 67 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर किए थे। अवैध गतिविधियों को छिपाने के लिए सिम कार्ड की डिलीवरी कूरियर सेवाओं के जरिए की जाती थी। जांच एजेंसियों ने देश के आठ राज्यों में 45 स्थानों पर छापेमारी की है, जिसमें 10 पीओएस एजेंटों को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई ने बताया कि, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और भूमिका की जांच अभी जारी है। एजेंसी का कहना है कि, साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।