नई दिल्ली. देशभर में आज, रविवार 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया का पर्व श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाया जा रहा है। मान्यता है कि, इस दिन सोना खरीदना शुभ होता है और इसे ‘अक्षय धन’ का प्रतीक माना जाता है। लेकिन इस बार रिकॉर्ड ऊंचे दामों ने बाजार की रफ्तार पर असर डाला है। दिल्ली सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना करीब 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है, जबकि चांदी लगभग 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है। वहीं, इंडिया बुलियन रेट्स के अनुसार सोना करीब 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है। 22 कैरेट गोल्ड के दाम बड़े ज्वैलरी ब्रांड्स में 14,280 से 14,320 रुपये प्रति ग्राम तक दर्ज किए जा रहे हैं।

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के अनुसार, ऊंची कीमतों के बावजूद इस बार कुल कारोबार 20,000 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच सकता है। हालांकि, बिक्री की मात्रा में गिरावट देखी जा रही है, लेकिन निवेशकों का रुझान डिजिटल गोल्ड, गोल्ड ETF और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड जैसे विकल्पों की ओर बढ़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि, बढ़ती कीमतों के कारण लोग अब फिजिकल गोल्ड की जगह सुरक्षित निवेश विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं। विशेषज्ञ सुरक्षित खरीदारी के लिए BIS हॉलमार्क, HUID नंबर और पक्के बिल की जांच को जरूरी बताते हैं। साथ ही, कैरेट मीटर और BIS ऐप से शुद्धता की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
