मुंबई। किंग ऑफ पॉप Michael Jackson की जिंदगी पर बन रही बहुप्रतीक्षित बायोपिक Michael इन दिनों काफी चर्चा में है। इस फिल्म में माइकल जैक्सन के भतीजे जाफ़र जैक्सन खुद उनके किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में जैक्सन 5 के दौर से लेकर उनके शुरुआती सोलो करियर तक की कहानी दिखाई जाएगी, जिससे फैंस को उनकी जिंदगी को नए नजरिए से समझने का मौका मिलेगा। फिल्म के प्रीमियर से पहले, कोलमैन डोमिंगो, जो इसमें माइकल के पिता जो जैक्सन की भूमिका निभा रहे हैं, ने जाफ़र की एक्टिंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि पहली बार जाफ़र को माइकल के रूप में परफॉर्म करते देखना उनके लिए बेहद भावुक पल था। डोमिंगो ने कहा, “जब मैंने जाफ़र को पहली बार माइकल के तौर पर देखा, तो मैं इमोशनल हो गया। ऐसा लगा जैसे मैं सच में माइकल को देख रहा हूं। उसी समय मेरे अंदर उन्हें संभालने और गाइड करने की एक अलग ही भावना भी जागी।” उन्होंने आगे कहा कि जाफ़र ने सिर्फ माइकल की नकल नहीं की, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भावनाओं को गहराई से समझा। “सबसे खास बात यह थी कि जाफ़र जानते थे कि माइकल के हर मूव और एक्सप्रेशन के पीछे क्या सोच होती थी। यह एक्टर और असली इंसान के बीच का बेहद दुर्लभ मेल है,” डोमिंगो ने कहा। डोमिंगो के मुताबिक, जाफ़र का यह ट्रांसफॉर्मेशन किसी ‘प्योर अल्केमी’ से कम नहीं है, जो इस फिल्म को और भी खास बनाता है।
