बंगाल चुनाव से पहले ED का बड़ा एक्शन: ‘सोना पप्पू सिंडिकेट’ मामले में कोलकाता DCP के घर छापेमारी

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा कदम उठाते हुए कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर छापेमारी की है। ईडी की टीम रविवार सुबह करीब 7 बजे बालीगंज स्थित फर्न रोड पर उनके घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, डीसीपी बिस्वास पहले कालीघाट पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी रह चुके हैं, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। आपको बता दें की यह कार्रवाई दक्षिण कोलकाता के बालीगंज क्षेत्र में चल रहे सोना पप्पू सिंडिकेट केस से जुड़ी बताई जा रही है। यह मामला कथित अवैध गतिविधियों और मनी ट्रेल की जांच से संबंधित है। ईडी की टीम ने कुल तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की है। इनमें से दो ठिकाने शंतनु सिन्हा बिस्वास से जुड़े हैं, जबकि एक ठिकाना जॉय कामदार का है।

वहीं इसी दौरान ईडी ने दक्षिण कोलकाता के बेहाला इलाके में एक कारोबारी Jजॉय कामदार के आवास पर भी छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, कारोबारी के घर से पहले भी नकदी बरामद हो चुकी है और जांच एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए दो बार समन भेजा था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब राज्य की राजधानी में अवैध निर्माण या सिंडिकेट मामले में शुक्रवार को कई ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। कुछ दिन पहले ही ईडी ने पूर्व राज्य मंत्री पार्थ चटर्जी के शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में भी उनके आवास पर छापेमारी की थी। इसके अलावा, आयकर विभाग ने हाल ही में बहिरा से विधायक और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार देबाशीष कुमार के आवास पर भी छापा मारा था। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों के साथ निर्णायक जीत हासिल की थी। भाजपा 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी थी। आगामी चुनावों में दोनों पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। यह चुनाव राज्य की राजनीतिक दिशा तय करेगा। पश्चिम बंगाल में 294 सीटों के लिए चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे और 4 मई को नतीजे आएंगे। बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए इस बार मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है। टीएमसी जहां चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।