शहडोल। जिले में गांजा तस्करी से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पुलिस से बचने की कोशिश में दो युवकों की जान चली गई। घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कामता कॉलेज तिराहे के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रात में गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर कार सवार तस्कर घबरा गए और तेज रफ्तार में भागने लगे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद दोनों युवक कार से बाहर निकलकर भागने लगे, लेकिन अंधेरे और अफरा-तफरी में वे पास के एक खेत में स्थित कुएं में जा गिरे। कुएं में गिरने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला और सचिन सिंह बघेल के रूप में हुई है, जो अलग-अलग इलाकों के निवासी थे।

घटना की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार से करीब 5 किलो गांजा भी बरामद किया गया है, जिससे तस्करी की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि, पुलिस से बचने की कोशिश ही हादसे की मुख्य वजह बनी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
