IPL 2026: वानखेड़े में साल्ट और कोहली का चला बल्ला, बेंगलुरु की एक और धमाकेदार जीत

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने वानखेड़े के ऐतिहासिक मैदान पर मुंबई इंडियंस को उनके ही घर में 18 रनों से शिकस्त दे दी। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन उनका यह फैसला उस वक्त गलत साबित हुआ जब फिल साल्ट और विराट कोहली की जोड़ी ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की आतिशी साझेदारी हुई, जिसमें साल्ट ने महज 36 गेंदों पर 78 रनों की तूफानी पारी खेली। किंग कोहली ने भी 50 रन बनाकर अपना दम दिखाया, जबकि कप्तान रजत पाटीदार के 53 रनों के अर्धशतक की बदौलत RCB ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 240 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।

241 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत सधी हुई रही, लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं। रोहित शर्मा (19) और सूर्या (33) के सस्ते में आउट होने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने मोर्चा संभाला। रदरफोर्ड ने अंत तक संघर्ष करते हुए 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत की दहलीज के पार नहीं ले जा सके। कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी 40 रनों का योगदान दिया, मगर बेंगलुरु के गेंदबाजों की सधी हुई लाइन-लेंथ के सामने मुंबई की टीम 20 ओवर में 222 रन ही बना सकी।

बेंगलुरु की जीत के असली हीरो स्पिनर सुयश शर्मा रहे, जिन्होंने मिडिल ओवर्स में 2 विकेट झटककर मुंबई की कमर तोड़ दी। इस जीत के साथ RCB अंक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस की यह 4 मैचों में तीसरी हार है। अब RCB का अगला मुकाबला 15 अप्रैल को लखनऊ से होगा, वहीं मुंबई की टीम 16 अप्रैल को पंजाब के खिलाफ अपनी साख बचाने उतरेगी।