जगदलपुर । बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को कुल 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिसे राज्य का अब तक का सबसे बड़ा नक्सली सरेंडर बताया जा रहा है।
सरेंडर करने वाले सभी नक्सली डीकेएसजेडसी ग्रुप से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें 6 डीवीसी, 3 सीवाईपीसीएम, 18 पीपीसीएम स्तर के सदस्य, 23 एसीएम और 56 पार्टी सदस्य शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने जमीन के नीचे गाड़े गए एक ड्रम से 3 करोड़ 60 लाख रुपये नकद बरामद किए। यह रकम 500-500 रुपये के नोटों में थी, जिसे कथित तौर पर वसूली के जरिए जमा किया गया था। इसके अलावा करीब 1 किलो सोना भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 1.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अरुण देव गौतम ने कहा कि कई बड़े नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और बाकी की तलाश जारी है। वहीं विजय शर्मा ने बताया कि नक्सलियों से 101 हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिनमें एके-47, इंसास और एसएलआर राइफलें शामिल हैं।
सरेंडर के बीच कांकेर में मुठभेड़, सुरक्षाबलों और नक्सलियों में फायरिंग
कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब बस्तर संभाग में बड़ी संख्या में नक्सलियों के आत्मसमर्पण की खबरें आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान पर निकली थी, तभी जंगल क्षेत्र में नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं। मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
